गोंडा, 26 अगस्त। जन शिकायतों में प्रति गंभीर डीएम मार्कंडेय शाही द्वारा रोजाना 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक कलेक्ट्रेट में जनसुनवाई की जा रही है। जिलाधिकारी ने जन शिकायतों के निस्तारण हेतु जनपद के सभी विभागाध्यक्ष, तहसील व ब्लाक स्तरीय अधिकारियों को सख्त निर्देश दिया है कि वह अपने अपने कार्यालय में 10:00 बजे से उपस्थित होकर जनता की शिकायतों का निस्तारण करें।
उन्होंने अधिकारियों को लिखित रूप से चेतावनी दी है कि जनपद मुख्यालय पर शिकायतकर्ताओं की भारी भीड़ अगर हुई तो यह माना जाएगा कि विभागाध्यक्ष, तहसील एवं स्तरीय ब्लॉक स्तरीय अधिकारियों द्वारा जनता की शिकायतों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है और उनकी समस्याओं का निराकरण समुचित ढंग से नहीं किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा है कि जनता को त्वरित न्याय मिले इसके लिए वे स्वयं सुबह 10:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक कलेक्ट्रेट में उपस्थित होकर जनता की शिकायतों को सुनते हैं और निस्तारण सुनिश्चित कराते हैं।

